नशा तस्करों के घरों तक पहुंची पुलिस,रोड़ी व डिंग में चला सर्च अभियान ।
चार घंटे तक छह पुलिस टीमों ने खंगाले संदिग्ध ठिकाने, नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की सख्ती ।
नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर सिरसा में पांव नहीं पसारने देंगे : एसपी दीपक सहारन ।
सिरसा। नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए सिरसा पुलिस अब गांवों में भी लगातार दस्तक दे रही है। शनिवार शाम को रोड़ी थाना क्षेत्र के गांव करूंगावाली, मतड़ और मलड़ी, डिंग में पुलिस ने विशेष सर्च अभियान चलाकर नशा तस्करी में संलिप्त संदिग्ध लोगों के घरों और ठिकानों की जांच की। शाम 3 बजे से 7 बजे तक करीब चार घंटे चले अभियान में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र में सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि नशा बेचकर युवा पीढ़ी का भविष्य खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस किसी तरह की नरमी नहीं बरतेगी। जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। जहां भी नशा तस्करी की सूचना मिलती है, वहां पुलिस टीमें कार्रवाई के लिए पहुंचती हैं। संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ विभिन्न इलाकों में चेकिंग और सर्च अभियान भी जारी रहेंगे।
सूचना देने वालों से पुलिस ने मांगा सहयोग
एसपी ने ग्रामीणों से अपील की कि गांव या आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा सप्लाई की जानकारी मिले तो पुलिस को जरूर बताएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की मदद को अहमियत दी जाएगी और शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को समाज से दूर करने के बजाय उन्हें सही रास्ते पर लाने की जरूरत है। ऐसे युवाओं के इलाज और पुनर्वास के लिए प्रशासन के सहयोग से प्रयास किए जाएंगे। एसपी ने दो टूक कहा कि नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर सिरसा में पांव नहीं पसारने दिए जाएंगे और पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
Uklana, Hissar | Nov 21, 2026