"हर घर में खुशहाली का उजाला फैलाना और जनसेवा ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता": ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर
देवली, सांगोद और बपावर के दौरे पर रहे ऊर्जा मंत्री; आमजन से की 'रामा-श्यामी' और ली दीपावली की राम-राम
कोटा/सांगोद/ देवली/ बपावर।
राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के देवली, सांगोद एवं बपावर क्षेत्र का सघन दौरा किया। दीपावली के इस पावन पर्व पर उन्होंने क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर दीपावली की "राम-राम" की और सभी को सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की शुभकामनाएं दीं।
ऊर्जा मंत्री ने इस अवसर पर जनसेवा का संदेश देते हुए कहा कि हमारा संकल्प है कि क्षेत्र के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति और हर अंधियारे घर में भी विकास एवं रोशनी का दीया जले।
*सांगोद के बाजारों में पैदल भ्रमण, व्यापारियों और आमजन को दी शुभकामनाएं*
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सांगोद के मुख्य बाजारों में पैदल भ्रमण किया। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और नागरिकों से आत्मीयता से मुलाकात की और दीपावली के त्योहार पर आपसी स्नेह और सौहार्द का संदेश दिया। बाजारों में भ्रमण के दौरान नागरिकों ने ऊर्जा मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। नागर ने कहा कि प्रकाश पर्व दीपावली हमारे जीवन में नया उत्साह और ऊर्जा लेकर आता है।
*देवली में कार्यकर्ताओं से संवाद, जनसेवा को सर्वोपरि रखने का आह्वान*
देवली आगमन पर ऊर्जा मंत्री का कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। देवली में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री नागर ने जनसेवा पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता का ध्येय होना चाहिए।
क्षेत्रवासियों की बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए। ऊर्जा विभाग का दायित्व है कि प्रदेश का कोई भी घर अंधेरे में न रहे और निर्बाध बिजली आपूर्ति बनी रहे।
*बपावर में पारंपरिक 'रामा-श्यामी' और जनसंवाद*
बपावर क्षेत्र के दौरे के दौरान ऊर्जा मंत्री नागर ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार ग्रामीणों से 'रामा-श्यामी' कर बड़ों का आशीर्वाद लिया। उन्होंने बपावर में जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्य के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कुशल मार्गदर्शन व नेतृत्व में क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। डबल इंजन की सरकार जन-जन के कल्याण और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य हर वर्ग को न्याय दिलाना, बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना और प्रदेश के हर नागरिक के जीवन में खुशहाली का प्रकाश फैलाना है।
Sangod, Kota | Nov 10, 2026