ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने किया बैल पूजन, बोले—"गौवंश हमारी सनातन और कृषि संस्कृति का मूल आधार"
सांगोद विधानसभा क्षेत्र के दीगोद कस्बे में पहुंचे ऊर्जा मंत्री, क्षेत्रवासियों से की आत्मीय मुलाकात
बैल पूजा और गोवर्धन पूजन में लिया हिस्सा, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भव्य आतिशबाजी के साथ मंत्री नागर का किया स्वागत
दीगोद/ कोटा:
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सांगोद विधानसभा क्षेत्र के दीगोद कस्बे का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत दीगोद के गणमान्य नागरिकों, क्षेत्रवासियों एवं स्नेहीजनों से मुलाकात की और सभी को दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।
दीगोद पहुंचने पर स्थानीय सरपंच मनीष शर्मा एवं ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का स्वागत किया। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने दीगोद सरपंच मनीष शर्मा एवं क्षेत्र के गणमान्य प्रबुद्धजनों के साथ मिलकर वैदिक रीतियों के अनुसार बैल पूजा एवं गोवर्धन पूजन में सक्रिय सहभागिता की। उन्होंने पारंपरिक तरीके से बैलों की पूजा की, उन्हें तिलक लगाया और गुड़-रोटी खिलाकर क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि की प्रार्थना की।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि गौवंश और पशुधन हमारी सनातन संस्कृति, भारतीय ग्रामीण जीवन और कृषि व्यवस्था की रीढ़ हैं। हमारी परंपराओं में पशुधन को परिवार का हिस्सा मानकर पूजा जाता है। दीपावली और गोवर्धन पूजन के ये पावन अवसर हमें हमारी कृषि संस्कृति, पर्यावरण और पशु रक्षा के प्रति दायित्व का स्मरण कराते हैं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा आपसी प्रेम, प्रकृति संरक्षण और समाज में सद्भाव का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करती है।
मंत्री नागर ने मां लक्ष्मी और भगवान श्री गोवर्धन से सभी क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और खुशहाली बनाए रखने की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली का यह त्योहार समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी भाईचारे और सौहार्द के संदेश को और मजबूत करता है।
Sangod, Kota | Nov 10, 2026