जमुई में बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले, सेमीफाइनल की तस्वीर साफ
जमुई। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं जिला प्रशासन, जमुई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन शनिवार को विभिन्न आयु वर्गों में रोमांचक मुकाबले हुए। 23 से 25 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न प्रमंडलों की बालिका खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
अंडर-14 वर्ग में तिरहुत, दरभंगा, कोसी और सारण की टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस वर्ग में तिरहुत का मुकाबला दरभंगा से, जबकि कोसी की भिड़ंत सारण से होगी।
अंडर-17 वर्ग में भागलपुर, पटना, मुंगेर और सारण की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल में भागलपुर का सामना पटना से तथा मुंगेर का मुकाबला सारण से होगा।
वहीं, अंडर-19 वर्ग में दरभंगा, भागलपुर, मुंगेर और सारण की टीमों ने अगले चरण में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में दरभंगा और भागलपुर आमने-सामने होंगे, जबकि मुंगेर की भिड़ंत सारण से होगी।
दूसरे दिन के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष और शानदार तालमेल देखने को मिला। यह प्रतियोगिता बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का अवसर दे रही है। प्रतियोगिता का समापन 25 अक्टूबर को होगा।
Jamui, Jamui | Oct 30, 2026