धारा 163 के बीच गुर्जर समाज ने निकाली वाहन-बाइक रैली, प्रशासन को दी चेतावनी
मुरैना। जिले में प्रशासन द्वारा धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किए जाने के बावजूद मंगलवार को गुर्जर समाज के लोगों ने पीडब्ल्यूडी सर्किट हाउस परिसर में एकत्रित होकर वाहन रैली निकाली। रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय और नेशनल हाईवे-44 के मुख्य गेट से होकर रिठोरा क्षेत्र स्थित बटेश्वरा मंदिर की ओर रवाना हुई।
रैली के दौरान पुलिस के वाहन आगे चलते नजर आए। बताया गया कि रैली का समापन बटेश्वरा मंदिर पहुंचने के बाद किया जाएगा।
रैली को गुर्जर नेता और आजाद समाज पार्टी के नेता रविन्द्र भाटी ने संबोधित किया। उन्होंने प्रशासन द्वारा रैली की अनुमति नहीं दिए जाने को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि समाज संविधान में विश्वास रखता है, लेकिन अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना भी जानता है।
रविन्द्र भाटी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन यह न समझे कि संविधान को मानने वाला समाज कुछ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि समाज “युद्ध और बुद्ध दोनों” को मानता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ उच्च अधिकारी अपने आकाओं को खुश करने के लिए गुर्जर समाज को रैली की अनुमति नहीं देते, जबकि जातिगत समीकरणों के आधार पर अन्य आयोजनों को अनुमति दी जाती है।
उन्होंने कहा कि अनुमति नहीं मिलने के बावजूद गुर्जर समाज की रैली निकाली जाएगी।
गौरतलब है कि प्रशासन ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 163 के तहत बिना अनुमति रैली, जुलूस, धरना-प्रदर्शन सहित बड़े आयोजनों पर प्रतिबंध लगाया है। ऐसे में प्रतिबंधात्मक आदेश के बीच रैली निकाले जाने को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर भी नजर बनी हुई है।
#morena #मुरैना