ग्राम पंचायतों में होगा मनरेगा कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण
वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले की समस्त जनपद पंचायतों की ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण कराया जा रहा है। इसके लिए कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ द्वारा पंचायतवार सामाजिक अंकेक्षण कैलेण्डर जारी किया गया है। कैलेण्डर के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाली ग्राम सभा के लिए पृथक-पृथक नोडल अधिकारी एवं कार्यवाही लेखन अधिकारी नामांकित किए गए हैं। सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया ग्राम सामाजिक एनीमेटर (व्ही.एस.ए.) के माध्यम से नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से संपादित की जाएगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मुरैना श्री कमलेश कुमार भार्गव ने बताया कि सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य मनरेगा के अंतर्गत कराए गए निर्माण एवं अन्य कार्यों की वास्तविक स्थिति, कार्यों पर हुए व्यय, मजदूरी भुगतान तथा योजना के क्रियान्वयन की स्थिति का परीक्षण कर सामाजिक अंकेक्षण रिपोर्ट ग्राम सभा के समक्ष प्रस्तुत करना है। इसके माध्यम से योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया की सतत निगरानी एवं मॉनिटरिंग की जाएगी। संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधि सामाजिक अंकेक्षण दल को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। नियमानुसार सहयोग नहीं करने अथवा सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मुरैना द्वारा जिले की समस्त ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के तहत ग्राम पंचायत द्वारा सामाजिक अंकेक्षण दल को आवश्यक लेखा-अभिलेख उपलब्ध कराने, निर्माण कार्यों का स्थल सत्यापन कराने तथा अंकेक्षण प्रक्रिया के लिए अपेक्षित अन्य सहयोग प्रदान किया जाएगा।
जिले में मनरेगा सामाजिक अंकेक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के आदेशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मुरैना के मार्गदर्शन में संपादित कराई जा रही है।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #rural