हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में स्थित पथरी थाना अंतर्गत पथ्रेश्वर महादेव मंदिर से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंदिर से लापता दो साधुओं के शव जंगल में एक गड्ढे से बरामद किए गए हैं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों साधुओं के अचानक लापता होने और मंदिर में संदिग्ध परिस्थितियां दिखाई देने पर एक सेवादार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस, थाना प्रभारी रविंदर सिंह के नेतृत्व में फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची।
मौके पर मंदिर के पास खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से वह फरार है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया है और फरार मुख्य पुजारी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Dehradun, Dehradun | Jul 21, 2026