ज़िन्दगी संस्था से जुड़ी बेटियों ने डीसी, एसपी को बांधी राखी, सुरक्षा सम्मान का लिया संकल्प
–राखी बांधने वालों में गुजरात–उत्तराखंड सहित देश के पांच राज्यों की बेटियां भी पहुंचीं
फतेहाबाद। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर लघु सचिवालय स्थित सभागार कक्ष में ज़िन्दगी संस्था ने “सुरक्षा बंधन उत्सव” कार्यक्रम किया। इसमें 50 से अधिक होनहार बेटियों ने जिला उपायुक्त विवेक भारती और पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनसे बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लिया। राखी बांधने वालों में 5 बेटियां गुजरात, उत्तराखंड पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की भी रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज़िन्दगी संस्था प्रमुख हरदीप सिंह ने की, जबकि वुशु के नेशनल कोच दिनेश भोबिया, समाजसेवी राधेश्याम जांगड़ा तथा एडवोकेट पवन सेठी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जब बेटियों ने अपनी उपलब्धियों, सपनों और संघर्षों को साझा किया तो डीसी विवेक भारती और एसपी निकिता खट्टर उनके आत्मविश्वास, प्रतिभा से अभिभूत दिखाई दिए। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी बेटियों की सफलता ही समाज की सोच बदलने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का काम कर रही हैं।
जिला उपायुक्त विवेक भारती ने कहा कि उनका आत्मविश्वास यह प्रमाणित करता है कि फतेहाबाद की बेटियां अब केवल सपने नहीं देखतीं, बल्कि उन्हें साकार करने का साहस भी रखती हैं। इसके लिए मानसिक दृढ़ता, आत्मिक शक्ति और शारीरिक सशक्तता ही वह आधार है, जिसके बल पर जीवन की चुनौतियों को अवसरों में बदल सकती हैं।
पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने बेटियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत ही मंज़िल तक पहुंचने का रास्ता बनाती है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस प्रत्येक बेटी की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसा वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है, जहां बेटियां निर्भय होकर अपने सपनों को उड़ान दे सकें।
ज़िन्दगी संस्था अध्यक्ष हरदीप सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था द्वारा महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और नशा मुक्त क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
बॉक्स
महिला कॉलेज, स्कूल क्षेत्र में अनिवार्य हो पुलिस गश्त
फतेहाबाद: ज़िन्दगी संस्था अध्यक्ष हरदीप सिंह ने एसपी निकिता खट्टर के समक्ष राजकीय कन्या विद्यालय और महिला कॉलेज क्षेत्र में छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए सुबह और छुट्टी के समय नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग रखी। इस पर एसपी ने तत्काल सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
राखी बांधने पहुंची ये बेटियां
फतेहाबाद: राखी बांधने वाली बेटियों में स्वच्छ भारत मिशन ब्रांड एंबेसडर एडवोकेट दिक्षा सचदेवा, शिक्षिका चारु जैन, वुशु इंटरनेशल प्लेयर अनु, स्टेट चैंपियन दिवंशी उपाध्याय, मोनिका सुथार आदि शामिल रही।