*पन्ना विधायक ने ग्राम पटीबजरिया एवं तारा में जन समस्या निवारण शिविर में सुनीं समस्याएं*
*कलेक्टर के साथ नवीन बसाहट स्थल का किया निरीक्षण*
--------------
पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को कलेक्टर ऊषा परमार सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ केन-बेतवा लिंक परियोजना अंतर्गत विस्थापित ग्राम के परिवारों की समस्याओं को सुनने और समाधान के लिए ग्राम पटीबजरिया एवं तारा का भ्रमण किया तथा विस्थापित ग्रामवासियों की गंभीरतापूर्वक समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों को आश्वस्त किया गया कि नवीन बसाहट स्थल पर आंगनबाड़ी केन्द्र एवं स्कूल संचालन सहित पेयजल, सड़क और नाली निर्माण जैसी सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। इसके अलावा नवीन विस्थापित परिवारों को आसानी से खाद्यान्न वितरण सहित बच्चों का स्कूल में प्रवेश भी सुनिश्चित कराया जाएगा। पूर्व मंत्री श्री सिंह ने कहा कि शासन स्तर से महत्वाकांक्षी एवं लाभकारी परियोजना में बेहतर रूप से लोगों के विस्थापन और पुर्नवास का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। सुनियोजित रूप से प्रभावितजनों का व्यवस्थापन ही शासन की मुख्य मंशा है। इसके बावजूद भी कतिपय कारणोंवश अब तक मुआवजा राशि से वंचित जनों को शीघ्र राशि का भुगतान मिलेगा। दस्तावेजों में त्रुटिपूर्ण आयु दर्ज होने संबंधी मामलों के निराकरण के लिए शिविर एवं मेडिकल टेस्ट के जरिए आयु निर्धारण का निर्णय भी लिया गया है। पन्ना विधायक द्वारा जिला प्रशासन को संबंधितजनों के वांछित दस्तावेजों की पूर्ति के मकसद से अविलंब आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों द्वारा जायज हक की मांग करना उनका अधिकार है। इसी के परिणामस्वरूप पुनर्वास राशि में बढ़ोत्तरी सहित भविष्य की सुविधाओं व विकास की कार्ययोजना भी बनाई गई है। नवीन बसाहट स्थल पर व्यवस्थित रूप से मकान निर्माण सहित अन्य मूलभूत विकास और निर्माण के कार्य भी करवाए जाएंगे।उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को व्यवस्थित तरीके से ग्राम की बसाहट सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामवासियों से भी मॉडल ग्राम बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों से आवश्यकता मुताबिक पुनः सर्वे के लिए भी कहा।
Panna, Panna | Aug 25, 2026