*कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई टीएल बैठक*
कलेक्टर ऊषा परमार ने सोमवार को विभागीय अधिकारियों की साप्ताहिक टीएल बैठक में जनसमस्याओं के निराकरण पर गंभीरतापूर्वक फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में ए ग्रेड की बजाय विभाग द्वारा शिकायतों को कम करने पर जोर दिया जाए। स्कूल शिक्षा विभाग की अधिक संख्या में लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों विशेषकर अतिथि शिक्षकों से संबंधित प्रकरणों को अभियान मोड में निराकृत करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए गए। कलेक्टर श्रीमती परमार ने कहा कि आगामी जन विश्वास अभियान के शिविरों के पूर्व 100 एवं 50 दिवस वाली सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के प्रभावी निराकरण के लिए शिकायतकर्ता को समक्ष में बुलाकर एवं सुनकर शिकायत को संतुष्टिपूर्वक बंद कराएं। इसी तरह लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अधिसूचित विभागवार नागरिक सेवाओं की समीक्षा कर समय सीमा में प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। टीएल बैठक में भूमि आवंटन, न्यायालयीन जवाबदावा, वन विभाग से संबंधित मुद्दों सहित कल्दा-अमदरा सड़क निर्माण तथा केन-बेतवा लिंक परियोजना से विस्थापित ग्रामों में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। टीएल बैठक में जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी एवं अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Panna, Panna | Aug 25, 2026