पांगी घाटी में किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, शौर में जागरूकता शिविर के दौरान बांटे बीज
मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा पांगी को प्रदेश का पहला प्राकृतिक खेती उपमंडल घोषित करना किसानों के लिए गौरव की बात : ललित ठाकुर
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो पांगी।
पांगी घाटी के दौरे के दौरान कृषि एवं बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत शौर में किसान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता कृषि उपज मंडी समिति (APMC) चंबा के चेयरमैन ललित ठाकुर ने की। इस दौरान प्रदेश सरकार की ओर से किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में कृषि विभाग और बागवानी विभाग के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने किसानों को विभागीय योजनाओं, कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर कृषि विभाग की ओर से किसानों को बीज भी वितरित किए गए, ताकि वे आगामी फसल चक्र के लिए बेहतर तैयारी कर सकें।
ललित ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पांगी घाटी को प्रदेश का पहला प्राकृतिक खेती उपमंडल घोषित करना क्षेत्र के किसानों के लिए गर्व और कृतज्ञता का विषय है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन मिलने से घाटी में पारंपरिक कृषि पद्धतियों को नई पहचान मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक रूप से उगाए गए जौ, मक्की और गेहूं जैसी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) लागू करना किसानों के हित में एक ऐतिहासिक कदम है। इसके सकारात्मक परिणाम धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं और घाटी के किसानों को इस पहल से लाभ मिलने लगा है।
शिविर में पंचायत प्रधान, उपप्रधान, बीडीसी सदस्य तथा कृषि एवं बागवानी विभाग के विशेषज्ञ मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के प्रयासों को गति देना रहा।
Dharwala, Chamba | Oct 13, 2026