आवारा मवेशियों को लेकर ग्रामीणों का नगर निगम में हंगामा, सैकड़ों मवेशियों के साथ पहुंचे ग्रामीण
सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 28 अशोक वार्ड, कचनी क्षेत्र में आवारा मवेशियों की समस्या से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को सामने आया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर आवारा मवेशियों को एकत्रित करते हुए नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। वहीं, खेतों में घुसकर मवेशी किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस समस्या को लेकर ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने नगर निगम प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए मांग की कि आवारा मवेशियों को सड़कों और ग्रामीण क्षेत्रों से हटाकर उचित व्यवस्था की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
अब सवाल यह है कि बार-बार सामने आ रही आवारा मवेशियों की समस्या पर नगर निगम प्रशासन कब गंभीरता दिखाएगा और ग्रामीणों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाएगा।