#गाजीपुर में आलू किसानों की लागत भी नहीं निकल रही, बारिश से धान की फसल को भी नुकसान; मुआवजे की मांग को लेकर रोसा ने सौंपा ज्ञापन
एंकर – खबर गाजीपुर से है, जहां आलू की खेती में किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बाजार में आलू का भाव इतना कम है कि किसान अपनी लागत तक नहीं निकाल पा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ बारिश के चलते धान की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। किसानों की समस्याओं को लेकर रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान (रोसा) के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के नाम चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपा और जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की।
वीओ – दरअसल, शुक्रवार 27 नवंबर को रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान (रोसा) के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर किसानों की समस्याओं को उठाया। जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में उपजिलाधिकारी ध्रुव शुक्ला ने ज्ञापन प्राप्त किया और मांगों पर बातचीत की। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल की मुख्य विकास अधिकारी के साथ भी बैठक हुई।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे डॉ. शम्मी कुमार सिंह, विधानसभा प्रभारी जंगीपुर (रोसा) ने बताया कि आलू की खेती में प्रति बीघा लगभग 20 हजार रुपये लागत आई है। इसके अलावा 15 से 20 हजार रुपये जमीन का किराया और छह महीने तक कोल्ड स्टोरेज में रखने का खर्च भी किसानों को उठाना पड़ा है। लेकिन बाजार में आलू का भाव महज 250 से 300 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है। ऐसे में किसानों के सामने लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है।
वहीं बारिश के कारण धान की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि आलू और धान की फसल के नुकसान का आकलन करने के लिए अलग-अलग जांच कमेटियां गठित की जाएं और उनकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने के साथ शासन को भेजी जाए।
इसके साथ ही आलू किसानों को भामाशाह योजना के तहत क्षतिपूर्ति, बारिश से खराब हुई धान की फसल का मुआवजा और फसल बीमा कराने वाले किसानों को बीमा कंपनियों के माध्यम से भुगतान दिलाने की मांग उठाई गई।
इस दौरान छात्र संघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 15 दिनों के अंदर मांगें पूरी नहीं की गईं तो संगठन आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।
वहीं सीडीओ के साथ हुई बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने अपनी सभी मांगों को विस्तार से रखा। सीडीओ ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बाइट – डॉ. शम्मी कुमार सिंह / दीपक उपाध्याय
वीओ – इस मौके पर छात्रनेता शशांक उपाध्याय, आकाश चौधरी, विशाल कुमार, रजनीश राय, अभिषेक राय, सत्येंद्र मौर्य, राकेश मौर्य, नितेश सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।