गाजीपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत चलाया गया जागरूकता अभियान, सीडीओ ने रथ को दिखाई हरी झंडी
बाल विवाह के खिलाफ लोगों को दिलाई गई शपथ, सभी ब्लॉकों और गांवों में चलाया गया जागरूकता कार्यक्रम
गाजीपुर। जनपद में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।
बताया गया कि बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 27 नवंबर को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बाल विवाह, अनिवार्य एवं जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।
अभियान के तहत जनपद के सभी ब्लॉकों और ग्राम पंचायतों में भी जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। इसके माध्यम से आमजन को बाल विवाह के सामाजिक, शैक्षणिक और व्यक्तिगत दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए इस कुरीति को समाप्त करने के लिए आगे आने की अपील की गई।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती सीमा पाठक, श्रीमती गीता श्रीवास्तव, बाल संरक्षण अधिकारी जुनैद खान, बाल अधिकार सहयोगी तथा जिला प्रोबेशन कार्यालय की विभिन्न इकाइयों के कर्मचारी और नव भारतीय नारी विकास समिति के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।