नाबालिग अपहृता को पुलिस ने सकुशल किया बरामद, नामजद आरोपी गिरफ्तार
गाजीपुर। जनपद में अपराध एवं वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गहमर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद करते हुए मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गहमर थाना क्षेत्र के लहना गांव निवासी गीता देवी पत्नी शिवकुमार शर्मा ने 22 नवंबर 2026 को पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग पुत्री को गांव का ही निवासी बृजेश कुमार पुत्र मुन्ना राजभर 9 नवंबर 2026 को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है।
तहरीर के आधार पर गहमर थाने में मु0अ0सं0 251/2026 के तहत धारा 137(2) एवं 87 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अपहृता और आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में 23 नवंबर 2026 को चौकी प्रभारी देवल ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर भदौरा बस स्टैंड के पास से सुबह 11:20 बजे अपहृता को सकुशल बरामद करते हुए नामजद आरोपी बृजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा अपहृता का धारा 180 बीएनएसएस के तहत बयान दर्ज कराया गया है। इसके बाद महिला आरक्षी की सुपुर्दगी में मेडिकल परीक्षण एवं अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी जमानियां के कुशल मार्गदर्शन में की गई।