#Ghazipur सुहवल में नीलगाय से टकराई बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल
#गाजीपुर। सुहवल थाना क्षेत्र के महादेवा पेट्रोल पंप के पास सोमवार की देर शाम नीलगाय से टकराकर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची डायल 112 और सुहवल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस से घायल को गाजीपुर सदर अस्पताल भिजवाया।
घायल की पहचान रेवतीपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी मंतोष राम (35) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंतोष राम अपनी साली को युवराजपुर छोड़कर बाइक से अपने गांव पकड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान महादेवा पेट्रोल पंप के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। जब तक वह संभल पाते, उनकी बाइक नीलगाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में भी चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वहीं, सड़कों पर अचानक नीलगाय और अन्य आवारा पशुओं के आ जाने से वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस संबंध में सुहवल थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस से सदर अस्पताल भिजवाया गया। #GhazipurNews #BreakingNews