विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने जीटी रोड बस्ताड़ा पर बन रहे राज्य स्तरीय स्वयं सहायता समूह के प्रशिक्षण केंद्र का किया निरीक्षण
महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने से ही देश, समाज और परिवार की तरक्की सम्भव - हरविन्द्र कल्याण
काम की प्रगति, उपयोग, जरूरत की योजना और भविष्य की तैयारी पर अधिकारियों से की विस्तार से चर्चा
घरौंडा 28 नवंबर। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष एवं घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने शनिवार को गांव जीटी रोड बस्ताड़ा पर महिलाओं के लिए बन रहे राज्य स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने सबसे पहले निर्माणाधीन कार्य की प्रगति के बारे में पूछा कि कार्य ठीक चल रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि काम की गुणवत्ता और गति दोनों पर नजर रखी जाए। इस केंद्र का निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा हो, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन भवन को भविष्य की जरूरत के अनुसार तैयार किया जाए, बारीकी से सोच समझ कर बताए कि बिजली, पानी, सडक़, फर्निशिंग की सुविधा के अलावा अन्य कोई सुविधा की आवश्यकता है तो समय रहते उसकी योजना बनाये ताकि उसे पूरा कराने के लिए प्रकिया शुरू की जाए।
उन्होंने बताया कि हरियाणा का यह पहला स्वयं सहायता समूह का प्रशिक्षण केन्द्र है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हैदराबाद में भी इस तरह का केन्द्र बनाया गया है, उस केन्द्र में स्वयं सहायता समूह से संबंधित जो गतिविधियां चल रही है, उसकी जानकारी वहां के अधिकारियों से बात करके मंगवाई जाए। इस विषय में आगामी सप्ताह में एक बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें स्वयं सहायता समूह से संबंधित अधिकारी, कलस्टर हैड या जो महिला अग्रणीय भूमिका निभा रही है, शामिल होगी। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केन्द्र जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा। जब यह केंद्र बनकर तैयार हो जाएगा, तो इसके इस्तेमाल के लिए विभाग ने क्या योजना बनाई है, यह पहले से तय होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भविष्य में इस केंद्र को और ज्यादा उपयोगी कैसे बनाया जा सकता है, इस पर भी अभी से सोचना होगा। इस केंद्र को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखा जाए, बल्कि यहां से महिलाओं को बाजार से जोड़ा जाए, उनके उत्पादों की मार्केटिंग की व्यवस्था की जाए और नई तकनीक का प्रशिक्षण भी दिया जाए। उन्होंने कहा कि इस केन्द्र में सरकार की सहायता मिल रही है, इसके अलावा समाज सेवी संस्थाओं की भी मदद ली जाएगी। यह केन्द्र महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण केंद्र करीब 3 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से बन रहा है। यह केंद्र एचएसआरएलएम से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की क्षमता निर्माण, कौशल विकास, प्रशिक्षण एवं समग्र सशक्तिकरण के लिए एक समर्पित राज्य स्तरीय संस्थान के रूप में कार्य करेगा। यह हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का हरियाणा में स्थापित होने वाला इस स्तर का पहला प्रशिक्षण केंद्र है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश भर की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण एवं विकास के लिए एक समर्पित संस्थागत सुविधा उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से आगे बढ़ रही है, जो भी मेहनत करता है और उसे बेहतर अवसर मिले तो वह और अच्छा परफोर्म कर सकता है। स्वयं सहायता समूह में जो भी उत्पाद बनाए जाए, उसकी ज्यादा से ज्यादा खपत हो और उसका रेट भी अच्छा मिले। इसके लिए मार्किटिंग का दायरा बढ़ाने की भविष्य में जरूरत है। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि इस प्रशिक्षण केंद्र का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण एवं विकास के लिए एक समर्पित संस्थागत सुविधा उपलब्ध करवाना है। इस केंद्र में आवासीय एवं गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, अभिमुखीकरण कार्यक्रमों तथा अनुभवात्मक प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर, कुशल, आत्मविश्वासी एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण संसाधन संस्थान के रूप में कार्य करेगा।
इस मौके पर उप मण्डल अधिकारी अनुभव मेहता, एक्सइंएन नारायण दत्त, जिला कार्यक्रम अधिकारी सतबीर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
#HVN24