खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का आधार, शिक्षा के साथ खेलों में भागीदारी भी जरूरी- श्याम सिंह राणा
कृषि मंत्री ने जनता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में दो दिवसीय तेज प्रकाश सिंह (आकाश) मेमोरियल स्पोर्ट्स मेला-2026 का किया शुभारंभ
यमुनानगर, 28 नवम्बर- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने शनिवार को मुस्तफाबाद स्थित जनता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित दो दिवसीय तेज प्रकाश सिंह (आकाश) मेमोरियल स्पोर्ट्स मेला-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेना भी बेहद जरूरी है। खेल हमें हार और जीत को समान भाव से स्वीकार करना, कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करना और लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करना सिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेलों तथा सकारात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान देश में खेलों की नर्सरी के रूप में है। प्रदेश के खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राज्य सरकार भी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने आयोजन के लिए जनता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की प्रबंधन समिति को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस दो दिवसीय खेल मेले में अंडर-19 लडक़ों की कबड्डी तथा अंडर-17 और अंडर-19 लडक़ों की वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम में साढौरा की विधायक रेणु बाला ने भी शिरकत की। आयोजन के दौरान 28 नवंबर को दोपहर दो बजे पुरस्कार वितरण समारोह भी निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर जनता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन एस. देवेंद्र सिंह, महासचिव एस. इंद्रजीत सिंह, निदेशक (बी.फार्मेसी) ईशानी ईशा सहित संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षक, खिलाड़ी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
#HVN24