सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन, फूलों की होली में झूमे श्रद्धालु
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने की शिरकत, आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी ने सुनाया श्रीकृष्ण-रूक्मणी विवाह का प्रसंग
करनाल, 28 नवंबर : सेक्टर-12 स्थित हुड्डा ग्राउंड में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शनिवार को बड़े उत्साह के साथ समापन हुआ। अंतिम दिन कथा पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कथा के दौरान जब आचार्य श्री मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और रूक्मणी विवाह का प्रसंग सुनाया तो श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। वहीं फूलों की होली खेलकर भक्तों ने उत्सव का आनंद लिया। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने आचार्य श्री मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज के श्रीमुख से कथा का श्रवण किया और आयोजनकर्ता सतीश गुप्ता एवं उनके परिवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के सफल आयोजन की बधाई दी। यह कथा हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के वाइस चेयरमैन एवं जय श्री राम एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के एमडी सतीश गुप्ता की ओर से अपने पूज्य माता-पिता लाला मनीराम एवं प्रेमवती की स्मृति में आयोजित करवाई गई। विश्वविख्यात कथावाचक आचार्य श्री मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज ने सात दिनों तक भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, प्रेम और सदाचार का संदेश दिया। कथा के अंतिम दिन आचार्य जी ने श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह का मनोहारी प्रसंग सुनाया। इसके साथ ही राक्षस वध की कथा के माध्यम से भगवान की लीलाओं का वर्णन किया। फूलों की होली के दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा के बीच भक्ति के रंग में सराबोर होकर नृत्य किया। पूरा पंडाल राधे-कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि समाज में धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए। ऐसे आयोजन लोगों को अपनी संस्कृति, संस्कारों और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ समाज में सद्भाव और सकारात्मकता का वातावरण तैयार करते हैं। आचार्य श्री मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल सुनने का विषय नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। कथा श्रवण से मन को शांति मिलती है और व्यक्ति को सद्कर्म, सेवा, प्रेम तथा परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर राजकुमार सिंगला, पवन कुमार सिंगला, सोहन लाल सिंगला, रतन लाल सिंगला, विनोद कुमार सिंगला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
#HVN24