शराब ठेके के पास धारदार हथियार से हमला, 42 वर्षीय मदन लाल गंभीर!!
गर्दन पर वार से मचा हड़कंप, श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर!! बेटी ने पुलिस को दी तहरीर, ठेका हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठीं अमसारी की महिलाएं!!
रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके के समीप शुक्रवार शाम करीब चार बजे मारपीट की घटना में 42 वर्षीय मदनलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान उनके गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया। गंभीर चोट लगने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल मदनलाल की बेटी निशा ने मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही हमले के वास्तविक कारण और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद अमसारी गांव की महिलाएं शराब के ठेके के बाहर धरने पर बैठ गईं। महिलाओं ने ठेके के संचालन का विरोध करते हुए कहा कि शराब की दुकान खुलने के बाद क्षेत्र का माहौल प्रभावित हुआ है और आए दिन विवाद की स्थिति पैदा होती रहती है।
महिलाओं के अनुसार, वे पिछले तीन वर्षों से शराब के ठेके को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग कर रही हैं। इस संबंध में कई बार विरोध-प्रदर्शन भी किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
महिलाओं ने शुक्रवार की घटना को लेकर भी आक्रोश जताते हुए कहा कि ठेके के आसपास होने वाले विवादों से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शराब के ठेके को आबादी क्षेत्र से अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की।
इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।