कनवास में गला व्यापारी के गोदाम में चोरी, 80 हजार रुपए नकदी पर किया हाथ साफ
सीसीटीवी का डीवीआर भी ले उड़े चोर, धुलेट-खानपुर मार्ग पर हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी
कनवास. कस्बे में धुलेट-खानपुर मुख्य मार्ग पर चौराहे के समीप स्थित गला व्यापारी के गोदाम को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश चोर गोदाम से करीब 80 हजार रुपए की नकदी और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर चोरी कर ले गए। जानकारी के अनुसार, व्यापारी पुरुषोत्तम राठौर प्रतिदिन की तरह बुधवार रात दुकान और गोदाम पर ताला लगाकर घर चले गए थे। गुरुवार को जब उन्होंने दुकान और गोदाम खोला, तो अंदर रखी अलमारी और गल्ले के ताले टूटे हुए मिले। सामान की जांच करने पर करीब 80 हजार रुपए की नकदी गायब मिली। वहीं, सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जांचने के लिए देखा तो डीवीआर भी गायब था। घटना की सूचना तुरंत कनवास थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर थानाधिकारी अनूप सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। थानाधिकारी अनूप सिंह के अनुसार, अज्ञात बदमाश गोदाम की छत से नीचे उतरकर दुकान और गोदाम के अंदर पहुंचे तथा नकदी और सीसीटीवी का डीवीआर चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Sangod, Kota | Oct 16, 2026