नरेंद्र शर्मा रेलावाद की भाजपा परिवार में वापसी, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने पहनाई माला
पहले आप से मिलाया साथ, नामांकन रद्द होते ही नरेंद्र शर्मा ने फिर थामा भाजपा का हाथ
सांगोद। पंचायत समिति चुनाव में वार्ड नंबर 19 से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल करने वाले नरेंद्र शर्मा रेलावाद का नामांकन फॉर्म निरस्त होने के पश्चात, उन्होंने पुनः भारतीय जनता पार्टी में वापसी कर ली है। भाजपा परिवार में उनकी वापसी पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका ज़ोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने नरेंद्र शर्मा का माला पहनाकर पार्टी में अभिनंदन किया। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी है। नरेंद्र शर्मा के पुनः पार्टी में लौटने से स्थानीय संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के दौरान सांगोद नगर पालिका चेयरमैन चंद्रप्रकाश सोनी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने भी नरेंद्र शर्मा का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से वार्ड नंबर 19 और आसपास के क्षेत्रों में पार्टी का जनाधार और अधिक सुदृढ़ होगा।
अपनी 'घर वापसी' पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नरेंद्र शर्मा रेलावाद ने पार्टी नेतृत्व और ऊर्जा मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे भाजपा की नीतियों और विचारधारा से सदा जुड़े रहे हैं तथा आगे भी क्षेत्र के चहुंमुखी विकास एवं जनता की सेवा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे।
इस दौरान राजेंद्र मेहता, चंद्र प्रकाश नागर, मुकेश मेहता, धर्मराज मेहता, आनंद शर्मा, अरविंद नागर, धनराज नागर, धर्मराज गोस्वामी तथा मुकेश नागर सहित कई अन्य गणमान्य लोगों ने नरेंद्र शर्मा का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और पार्टी की विजय के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
Sangod, Kota | Oct 16, 2026