*कबाड़ की आड़ में मोटरसाइकिल चोरी का खेल, फतेहाबाद पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, 6 मोटरसाइकिल बरामद*
*– चोरी की मोटरसाइकिलों का बदल देते थे हुलिया, कबाड़ ढोने वाले वाहनों का रूप देकर बचते थे लोगों की नजरों से*
*– नागरिक अस्पताल से चोरी की गई मोटरसाइकिल को भी बना डाला कबाड़ ढोने वाला वाहन, लेकिन सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात ने खोल दी पोल*
*– एक मोटरसाइकिल की चोरी की जांच से खुला 6 वारदातों का राज, फतेहाबाद व सिरसा जिले के मामलों का हुआ खुलासा*
*– एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा, एवीटी स्टाफ प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता*
फतेहाबाद, 13 नवंबर। मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए कबाड़ ढोने वाले वाहन का रूप देना और फिर बेखौफ होकर उसे इस्तेमाल करना। वाहन चोरों ने पुलिस और आमजन की नजरों से बचने के लिए यह तरीका अपना रखा था। लेकिन नागरिक अस्पताल फतेहाबाद से मोटरसाइकिल चोरी की एक वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होना आरोपियों पर भारी पड़ गया। इसी फुटेज से मिले सुराग के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए फतेहाबाद पुलिस के एवीटी स्टाफ ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस कार्रवाई से फतेहाबाद व सिरसा जिले में हुई मोटरसाइकिल चोरी की 6 वारदातों का खुलासा हुआ है।
इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री दिव्यांशी सिंगला, आईपीएस ने बताया कि *पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* के दिशा-निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एवीटी स्टाफ प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय कुमार पुत्र मंगल सिंह ओड, निवासी प्रतापनगर, भट्टू कलां, जिला फतेहाबाद तथा मनीष कबाड़ी पुत्र रखपाल, निवासी कालांवाली, जिला सिरसा, हाल निवासी टाउन पार्क के नजदीक, भट्टू कलां, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है।
*मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद बदल देते थे पहचान, कबाड़ ढोने वाला वाहन देखकर किसी को नहीं होता था शक*
एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिलों की पहचान छिपाने के लिए अलग ही तरीका अपना रखा था। मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद आरोपी उसका हुलिया बदलकर उसे कबाड़ ढोने वाले वाहन का रूप दे देते थे। इसका उद्देश्य यह था कि देखने वाले को वाहन सामान्य कबाड़ ढोने वाला लगे और किसी को उसके चोरी का होने का संदेह न हो। नागरिक अस्पताल फतेहाबाद से चोरी की गई सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल को भी आरोपियों ने इसी तरह बदल दिया था।
*अस्पताल से मोटरसाइकिल चोरी करना पड़ा भारी, सीसीटीवी फुटेज ने पहुंचाया पुलिस को आरोपियों तक*
एएसपी ने बताया कि 20 अक्टूबर 2026 को नागरिक अस्पताल फतेहाबाद परिसर से एक सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। इस संबंध में 24 अक्टूबर को थाना शहर फतेहाबाद में अभियोग संख्या 459 दर्ज किया गया था।
वारदात की जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली, जिसमें आरोपी मोटरसाइकिल चोरी करते हुए दिखाई दिए। एवीटी स्टाफ की टीम ने फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ साक्ष्य जुटाने शुरू किए। पुलिस ने जांच की कड़ियों को जोड़ते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद मामले की परतें खुलती चली गईं। जिस जांच की शुरुआत एक मोटरसाइकिल चोरी की वारदात से हुई थी, उसी के आधार पर पुलिस ने पांच अन्य मामलों का भी खुलासा कर दिया। आरोपियों के कब्जे से कुल 6 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
*फतेहाबाद व सिरसा जिले में दर्ज इन 6 वारदातों का हुआ खुलासा*
1. अभियोग संख्या 613, दिनांक 14.11.2022, धारा 379 आईपीसी, थाना शहर फतेहाबाद।
2. अभियोग संख्या 418, दिनांक 23.09.2026, धारा 303 बीएनएस, थाना शहर फतेहाबाद।
3. अभियोग संख्या 459, दिनांक 24.10.2026, धारा 305 बीएनएस, थाना शहर फतेहाबाद।
4. अभियोग संख्या 305, दिनांक 06.06.2023, धारा 379 आईपीसी, थाना शहर फतेहाबाद।
5. अभियोग संख्या 160, दिनांक 21.04.2024, धारा 379 आईपीसी, थाना शहर फतेहाबाद।
6. अभियोग संख्या 683, दिनांक 16.10.2026, धारा 305 बीएनएस, थाना सिविल लाइन सिरसा, जिला सिरसा।
*अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच, वाहन चोरों के खिलाफ कार्रवाई रहेगी जारी*
एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि पुलिस अब आरोपियों के अन्य संभावित आपराधिक संपर्कों तथा वाहन चोरी की दूसरी वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। उन्होंने एवीटी स्टाफ की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी जांच के माध्यम से पुलिस टीम ने वाहन चोरी के छह मामलों का खुलासा करने में सफलता हासिल की है।
उन्होंने कहा कि वाहन चोरी जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फतेहाबाद पुलिस ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आमजन भी अपने वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Uklana, Hissar | Nov 13, 2026