विश्व शौचालय दिवस के उपलक्ष्य पर 10 दिसंबर तक जिलेभर में चलाया जाएगा विशेष जागरूकता अभियान: एडीसी दीपक बाबू लाल करवा
विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को किया जाएगा शौचालयों के प्रयोग व स्वच्छता के प्रति जागरूक
भिवानी, 19 नवंबर। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर शुक्रवार को डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में जिले में जिला स्तर, खंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें ग्रामीणों को शौचालयों का प्रयोग, रख-रखाव और उनकी सफाई के बारे में जानकारी दी गई। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत जिले में 10 दिसंबर तक देशव्यापी अभियान ‘स्वच्छ शौचालय-गरिमामय भविष्य’ का आयोजन किया जा रहा है।
एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक स्वच्छता परिसरों एवं संस्थागत शौचालयों की कार्यक्षमता, सुरक्षा, सुगमता और स्थिरता में सुधार करना तथा मल कीचड़ प्रबंधन के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत महिलाओं, छात्राओं एवं दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही स्वच्छता परिसंपत्तियों के संचालन एवं रखरखाव में और खुले में शौच मुक्त स्थिति को बनाए रखने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
अभियान के दौरान गांवों में स्वच्छता जागरूकता अभियान, सामुदायिक बैठक, ग्राम सभा चर्चाएं, विद्यालयों में स्वच्छता ऑडिट, हाथ धोने के प्रदर्शन, नुक्कड़ नाटक और रैलियां आयोजित की जाएंगी। स्वयं सहायता समूहों, युवा समूहों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामुदायिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। सोशल मीडिया, बैनर, पोस्टर और दीवारों पर पेंटिंग के माध्यम से स्वच्छता संबंधी संदेशों का प्रचार किया जाएगा।
इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ सामुदायिक स्वच्छता परिसर, संस्थागत शौचालय एवं व्यक्तिगत घरेलू शौचालय के चयन के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों, संस्थानों, स्वच्छता कर्मचारियों एवं सामुदायिक स्वच्छता चैंपियनों को सम्मानित किया जाएगा। अभियान की पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी के लिए सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों और खंड समन्वयकों को निर्देश दिए गए हैं।