संविधान मार्च को लेकर युवा कांग्रेस की बैठक आयोजित, संगठन की मजबूती और संविधान मार्च की तैयारियों पर हुई चर्चा
संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है, इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी : सोमिल संधु
संविधान मार्च में भिवानी के युवाओ की होगी भारी भागीदारी : मनदीप सुई
भिवानी, 18 नवंबर : युवा कांग्रेस की जिला स्तरीय मासिक बैठक का आयोजन बुधवार को एलआईसी रोड स्थित युवा कांग्रेस कार्यालय में किया गया। बैठक में युवा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सोमिल संधु ने विशेष रूप से शिरकत की। बैठक की अध्यक्षता जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनदीप सुई ने व युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव योगेंद्र सोनी ने की। बैठक में मुख्य रूप से 26 नवंबर को पंचकूला में आयोजित होने वाले संविधान मार्च की तैयारियों, युवाओं की भागीदारी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सोमिल संधु ने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को पंचकूला में होने वाला संविधान मार्च लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और युवाओं की जागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम होगा। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इसमें बढ़-चढक़र भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का दायित्व केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के अधिकारों, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को भी मजबूती से उठाना है।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनदीप सुई ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए नियमित बैठकें बेहद आवश्यक हैं। मासिक बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित होता है और संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को पंचकूला में होने वाले संविधान मार्च को लेकर भिवानी जिले के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है और सभी को मिलकर एकजुटता के साथ काम करना चाहिए।
युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव योगेंद्र सोनी ने कहा कि युवा कांग्रेस को बूथ और गांव स्तर तक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मासिक बैठक केवल आगामी कार्यक्रमों की तैयारी का माध्यम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं, सुझावों और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करने का भी महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले पंचकूला मार्च को सफल बनाने के लिए अभी से जनसंपर्क अभियान में जुट जाएं।
बैठक में उपस्थित युवा कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे और आगामी कार्यक्रम को लेकर सुझाव दिए। इस अवसर पर वरुण सिंघला, मनोज सिंघल, कमल यादव, विवेक यादव, जितेंद्र, जगदीप, दिनेश, अरुण सहित युवा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।