200 एकड़ जमीन का कथित खेल! भगत यादव के ठिकानों पर EOU ने की छापेमारी, 76 संपत्तियों का हिसाब खंगाल रही टीम
पत्नी-पुत्र और करीबियों के नाम पर 76 संपत्तियों का दावा, बिहार-झारखंड में 23 आपराधिक कांडों का जिक्र,गया–डोभी से औरंगाबाद तक एक साथ छापेमारी
जमीन के कारोबार में कथित तौर पर करोड़ों रुपए की संपत्ति खड़ी करने और करीब 200 एकड़ जमीन का साम्राज्य बनाने के आरोपों से घिरे डोभी के सिंहपुर निवासी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शुक्रवार की अहले सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू की। गया और डोभी में पांच ठिकानों के अलावा औरंगाबाद तथा झारखंड में भी टीम ने छापेमारी की है। अचानक हुई इस कार्रवाई से जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
ईओयू की टीम जमीन की रजिस्ट्री, खरीद-बिक्री के कागजात, बैंक खातों और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामला एक लिखित आवेदन में लगाए गए उन आरोपों से जुड़ा है, जिसमें भगत यादव पर करीब 200 एकड़ जमीन अर्जित करने का दावा किया गया है।
पत्नी-पुत्र के नाम पर 76 संपत्तियों का दावा
आवेदन के साथ दिए गए दस्तावेजों में कुल 76 संपत्तियों की प्रविष्टियां दर्ज हैं। इनमें भगत यादव, उनकी पत्नी सुनीता देवी, पुत्र आर्यन कुमार और कुछ कथित करीबियों के नाम शामिल हैं। आरोप है कि कई जमीनें सीधे अपने नाम पर लेने के बजाय परिवार के सदस्यों और कंपनी के नाम पर खरीदी गईं। वर्ष 2014 से 2026 तक की जमीन खरीद और रजिस्ट्री का ब्योरा भी आवेदन में दिया गया है।
दस्तावेजों में बोधगया के दो फ्लैट और पटना में एक फ्लैट का भी उल्लेख है। बजौरा, डोभी, शेरघाटी, बाराचट्टी, परसावां और गया के कई इलाकों में जमीन खरीदने का दावा किया गया है। बोधगया-शेरघाटी हाईवे के आसपास भी बड़ी मात्रा में जमीन होने की बात कही गई है।
आवेदन में Ananya Crops India Pvt Ltd के नाम का भी जिक्र है। आरोप है कि कंपनी के जरिए पत्नी और पुत्र के नाम पर संपत्तियां अर्जित की गईं। कुछ जमीनों को भूदान, यज्ञ समिति और सीलिंग से संबंधित बताते हुए भी सवाल उठाए गए हैं।
आवेदन में बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में भगत यादव के खिलाफ 23 प्राथमिकी दर्ज होने का दावा किया गया है। इनमें अपहरण, रंगदारी और जमीन कब्जे से जुड़े मामलों का जिक्र है।
फिलहाल ईओयू की जांच का मुख्य फोकस संपत्तियों के वास्तविक मालिकाना हक, आय के स्रोत और कथित बेनामी निवेश पर है। छापेमारी में क्या-क्या मिला है, इसका आधिकारिक खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
Khizirsarai, Gaya | Nov 28, 2026