माटी गणेश अभियान के तहत भगवानपुरा में दिया प्रतिमा निर्माण का प्रशिक्षण
________________
पर्यावरण संरक्षण के लिए मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित करने का किया आव्हान
________________
नदियों एवं जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए जनभागीदारी पर दिया जोर
________________
खरगोन 14 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा भगवानपुरा विकासखंड में विकासखंड एवं सेक्टर स्तरीय माटी गणेश अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य भगवान श्री गणेश की मिट्टी से प्रतिमा तैयार कर उसे घर में स्थापित करने तथा 10 दिवसीय उत्सव के पश्चात पूजन-अर्चन के बाद घर के गमले, खेत अथवा अन्य उचित स्थान पर विसर्जित करने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
प्रशिक्षण में श्री संतोष मेहता, श्री बालू ग्रासे, श्री पप्पू गोपाल एवं श्री रवि सोलंकी द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं, प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों को मिट्टी की गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिमा निर्माण की प्रक्रिया सीखी।
कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक श्री महेश कुमार खराड़े ने अभियान की रूपरेखा एवं प्रदेश स्तर पर संचालित माटी गणेश अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हम सभी को पर्यावरण प्रहरी बनकर कार्य करना होगा। प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीना ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्लास्टर ऑफ पेरिस से निर्मित प्रतिमाओं के विसर्जन से नदी, तालाब एवं अन्य जलस्रोतों का पानी प्रदूषित होता है। ऐसे में मिट्टी की प्रतिमाओं को प्रोत्साहित कर जलस्रोतों एवं पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित प्रतिनिधियों में खासा उत्साह देखा गया। प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने गांवों में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण आयोजित कर लोगों को मिट्टी के गणेश की स्थापना एवं प्राकृतिक तरीके से विसर्जन के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था से श्री दिनेश महाजन, नन्हेश्वर जन सेवा संस्था से श्री डोंगरसिंह वास्कले, नया बिल्वा विकास समिति से श्री किशोर बडोले, गुरुनानक सेवा संस्था से श्री सचिन मालवीया, श्री महेश मालवीया, श्री नितेश जाधव, श्री योगेश गोपाल, समाज कार्य में स्नातक एवं परास्नातक विद्यार्थी तथा प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone