चिट्टे जैसी सामाजिक बुराई को रोकने में मातृशक्ति की भूमिका अहम : एपीएमसी चेयरमैन ललित ठाकुर
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो मैहला।
ग्राम पंचायत मैहला के महिला मंडल लकडोलू की सदस्यों के साथ संवाद के दौरान एपीएमसी चेयरमैन चंबा ललित ठाकुर ने महिलाओं की समस्याओं, सुझावों और विचारों को ध्यानपूर्वक सुना तथा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
ललित ठाकुर ने कहा कि चिट्टे जैसी घातक सामाजिक बुराई को क्षेत्र में पैर पसारने से रोकने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। इस अभियान में मातृशक्ति और महिला मंडलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाएं अपने परिवार और समाज में जागरूकता फैलाकर युवाओं को नशे से दूर रखने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
इस दौरान प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को इससे जोड़ने के विषय पर भी चर्चा की गई। ललित ठाकुर ने कहा कि प्राकृतिक खेती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ किसानों को टिकाऊ और सुरक्षित कृषि की दिशा में आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो सकती है।
इस अवसर पर महिला मंडल की प्रधान बबली देवी, उपप्रधान बिमला देवी, सचिव मिसो देवी तथा कोषाध्यक्ष ऊमा देवी सहित महिला मंडल की अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहीं।
महिला मंडल की बैठक के बाद ललित ठाकुर ने पंचायत के प्रबुद्धजनों के साथ भी संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सुना तथा लोगों के साथ विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा सामने रखी गई समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और संबंधित मामलों को उचित स्तर पर उठाकर शीघ्र समाधान करवाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
Dharwala, Chamba | Aug 23, 2026