चंबा की बेटी मनीषा कुमारी ने बढ़ाया जिले का मान, होमी भाभा कैंसर सेंटर में नर्सिंग ऑफिसर बनीं
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा 11 सितम्बर 2026
जिला चंबा की बेटी मनीषा कुमारी ने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। मनीषा कुमारी का चयन होमी भाभा कैंसर सेंटर, चंडीगढ़ में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर हुआ है। अब वह प्रतिष्ठित संस्थान में अपनी सेवाएं देंगी।
मनीषा कुमारी गांव कन्हुई, डाकघर रजेरा की रहने वाली हैं। उनके पिता हाको राम और माता शिवो देवी हैं। इससे पहले मनीषा कुमारी पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा में अपनी सेवाएं दे रही थीं।
होमी भाभा कैंसर सेंटर जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में चयन होने से मनीषा के परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। उनकी इस सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।
मनीषा कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की बदौलत ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं।
उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ते रहना चाहिए। परिस्थितियां चाहे जैसी हों, यदि इंसान अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहे तो सफलता जरूर हासिल की जा सकती है।
मनीषा की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता परिवार के साथ-साथ पूरे जिला चंबा के लिए गर्व का विषय है।
बाइट: मनीषा कुमारी, नर्सिंग ऑफिसर
Chamba, Chamba | Sep 11, 2026