रहमान गेट के पास अनियंत्रित होकर पलटा स्क्रैप से भरा ट्रक, चालक बाल-बाल बचा
डीडवाना।शहर के व्यस्त मार्ग रहमान गेट के पास देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्क्रैप (कबाड़) से भरा एक अनियंत्रित ट्रक अचानक सड़क पर पलट गया, जिससे ट्रक में लदा सारा कबाड़ सड़क पर बिखर गया। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक मामूली रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात ट्रक सामग्री लेकर गुजर रहा था कि अचानक रहमान गेट के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। वाहन के पलटते ही तेज धमाका हुआ और उसमें भरा स्क्रैप सड़क पर फैल गया।हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त सड़क पर अन्य लोगों की आवाजाही कम थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में घायल हुए ट्रक चालक को तुरंत मौके पर मौजूद लोगों ने निजी वाहन की सहायता से शहर के राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को सड़क किनारे करवाकर यातायात पूरी तरह सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है।
Didwana, Nagaur | Oct 19, 2026