#सफलता_की_कहानी
प्रधानमंत्री कुसुम-ए अंतर्गत भिण्ड के युवा चेतन सिंह नरवरिया ने स्थापित किया 1 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र
संयंत्र से मुसतरा सब-स्टेशन को हो रही आपूर्ति
आगामी 25 वर्षों तक 3.25 रुपए प्रति यूनिट की दर से विद्युत खरीद अनुबंध ने प्रदान की निश्चित आय
भिण्ड जिले के युवा श्री चेतन सिंह नरवरिया ने परंपरागत खेती से आगे बढ़कर नवाचार की मिसाल पेश की है। उन्होंने ग्राम मुसतरा में प्रधानमंत्री कुसुम योजना घटक-ए के तहत 1 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया है, जो क्षेत्र की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करेगा। इस परियोजना से ऊर्जा सुरक्षा, आय में वृद्धि और प्रदूषण में कमी जैसे लाभ प्राप्त हो रहे हैं।
चेतन बताते हैं कि इस परियोजना की कुल लागत 4.70 करोड़ रुपए है, जिसके लिए उन्होंने 3.25 करोड़ रुपए का ऋण लिया। 28 जुलाई 2026 से इस संयंत्र में बिजली उत्पादन शुरू हो गया है और यहाँ बनने वाली बिजली की आपूर्ति मुसतरा सब-स्टेशन को की जा रही है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के साथ 25 वर्षों के लिए 3.25 रुपए प्रति यूनिट की दर से विद्युत खरीद अनुबंध (पीपीए) हुआ है, जिससे उन्हें लंबी अवधि तक निश्चित आय का जरिया मिल गया है। इस सोलर संयंत्र से प्रतिवर्ष 18 से 20 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। संयंत्र का रखरखाव भी बहुत आसान है और माह में केवल 3 से 4 बार पैनलों की धुलाई करनी होती है।
भविष्य में चेतन सौर पैनल के नीचे सब्जियों के उत्पादन का विचार कर रहे हैं। उनका यह संयंत्र सेमी एग्रो-वोल्टाइक मॉडल पर आधारित है, जिससे ऊर्जा उत्पादन और खेती का दुगना लाभ मिल सकता है। इस तकनीक में खेत में जमीन से कुछ ऊँचाई पर सोलर पैनल लगाए जाते हैं और उनके नीचे कम ऊँचाई और छाया सहन करने वाली फसलें एवं सब्जियां उगाई जा सकती हैं।
चेतन सिंह की यह पहल अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। वे कहते हैं कि पीएम कुसुम योजना घटक-ए ने उन्हें ऊर्जा उत्पादक बनने का अवसर दिया है। वे इस लाभकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को हृदय से धन्यवाद देते हैं।
उल्लेखनीय है कि पीएम कुसुम योजना घटक-ए में कृषक, सहकारी समिति, पंचायत अथवा कृषक उत्पादक संगठनों द्वारा बंजर, परती, दलदली या कृषि योग्य भूमि पर 2 मेगावाट तक की क्षमता वाले सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा सकते हैं। रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार बैंकों द्वारा पीएम कुसुम घटक-ए के लिए कृषकों को आसान शर्तों पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#सेवा_संकल्प_अभियान
#SevaSankalpAbhiyan
#SuccessStory
#भिण्ड
#Bhind
32 views | Bhind, Madhya Pradesh | Oct 13, 2026