### श्रीनगर में श्री शंकराचार्य संदेश यात्रा का भव्य स्वागत, तीर्थों की मर्यादा बचाने का लिया संकल्प
चारधाम सहित उत्तराखंड के समस्त तीर्थों के संरक्षण और सनातन संस्कृति के जागरण का संदेश लेकर पहुंची यात्रा, संतों एवं श्रद्धालुओं ने किया स्वागत
श्रीनगर गढ़वाल। ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से उत्तराखंड में संचालित श्री शंकराचार्य संदेश यात्रा के आठवें दिन यात्रा तीर्थनगरी श्रीनगर गढ़वाल पहुंची। यहां ऐतिहासिक सिद्धपीठ श्री नागेश्वर मंदिर परिसर में यात्रा का संतों, धर्माचार्यों एवं श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर शंकराचार्य महाराज के प्रतिनिधि एवं परम शिष्य दंडी स्वामी प्रत्यक् चैतन्य मुकुंदानंद गिरि महाराज तथा उनके साथ पहुंचे विद्वतजनों का वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन किया गया। संतों के आगमन से मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में श्रीनगर तीर्थ क्षेत्र के संयोजक एवं नागेश्वर मंदिर के महंत नितिन पुरी, सह-संयोजक एवं कटकेश्वर महादेव मंदिर के महंत महेश गिरि, व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश असवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, जितेंद्र रावत, दया ममगाईं, मथुरा प्रसाद, बिजेंद्र सहित विभिन्न संत-महंत, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आचार्य आनंद प्रकाश नौटियाल ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए दंडी स्वामी प्रत्यक् चैतन्य मुकुंदानंद गिरि महाराज ने कहा कि श्री शंकराचार्य संदेश यात्रा महज एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि उत्तराखंड के चारधाम सहित समस्त तीर्थों की पवित्रता, प्रामाणिकता और मूल स्वरूप के संरक्षण का अभियान है। उन्होंने कहा कि ज्योतिष्पीठ के माध्यम से शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज सनातन धर्म, शास्त्रों की मर्यादा और हिमालय की सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के तीर्थों की अपनी विशिष्ट धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान है। इनकी मर्यादा और परंपराओं को बनाए रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर उपस्थित तीर्थ पुरोहितों, संतों और श्रद्धालुओं ने उत्तराखंड के पवित्र तीर्थस्थलों को पिकनिक स्पॉट बनने से रोकने, धार्मिक स्थलों की गरिमा एवं मर्यादा बनाए रखने तथा सनातन संस्कृति के जागरण के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और शंकराचार्य महाराज के जयघोष के साथ हुआ।