दहेज में थार की मांग पर टूटा रिश्ता, लड़की वालों ने दूल्हे के पिता को थमाई खिलौना थार
मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव में दहेज में थार गाड़ी की मांग को लेकर शादी टूट गई। आरोप है कि दूल्हे पक्ष ने दुल्हन के परिवार से थार गाड़ी की मांग की थी। लड़की के पिता ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी महंगी गाड़ी देने में असमर्थता जताई, लेकिन दूल्हे पक्ष के लोग अपनी मांग पर अड़े रहे।
इसके बाद लड़की पक्ष ने बाजार से प्लास्टिक की खिलौना थार मंगवाई और दूल्हे के पिता को सौंप दी। साथ ही रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में लड़की के पिता दूल्हे के पिता को खिलौना थार देते हुए अपनी नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
#MeerutNews #DowryCase #DahejPratha #Bhawanpur #Meerut #UPNews #बुलन्दवाणी #bulandvaninews