बैकुंठ चतुर्दशी मेले की छठवीं सांस्कृतिक संध्या में दिखा आध्यात्मिकता से लोक संस्कृति और बॉलीवुड संगीत तक का संगम
संत निरंकारी मिशन के आध्यात्मिक समागम से हुआ सकारात्मक संदेश का प्रसार, शैलजा सामाजिक समिति ने गढ़वाली गीतों व नृत्य से बांधा समां, संकल्प खेतवाल की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक; 30 नवंबर को प्रियंका मेहर की लाइव प्रस्तुति का रहेगा आकर्षण
श्रीनगर गढ़वाल। ऐतिहासिक एवं पौराणिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 की छठवीं सांस्कृतिक संध्या आध्यात्मिक चेतना, पहाड़ की लोक संस्कृति और आधुनिक संगीत के अनूठे संगम के नाम रही। नगर निगम महापौर आरती भंडारी के नेतृत्व में आयोजित मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में जहां एक ओर संत निरंकारी मिशन के आध्यात्मिक समागम के माध्यम से प्रेम, सेवा और सद्भाव का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी ओर स्थानीय एवं क्षेत्रीय कलाकारों ने गढ़वाली गीत-संगीत और नृत्य से दर्शकों का मनोरंजन किया। बॉलीवुड गायक एवं उत्तराखंड के बेटे संकल्प खेतवाल की प्रस्तुतियों ने भी सांस्कृतिक संध्या में खास रंग जमाया।
कार्यक्रम की शुरुआत संत निरंकारी मिशन श्रीनगर की ओर से आयोजित आध्यात्मिक समागम से हुई। समागम में संत निरंकारी मिशन ऋषिकेश के ज्ञान प्रचारक धर्मेंद्र पयाल एवं आशाराम गैरोला ने आध्यात्मिक विचारों के माध्यम से जीवन में प्रेम, सद्भाव और मानवता के महत्व का संदेश दिया। मिशन के श्रीनगर संयोजक हरि लाल शाह सहित मिशन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर मिशन की सामाजिक गतिविधियों को भी रेखांकित किया गया। संत निरंकारी मिशन आध्यात्मिक जागरण के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में भी योगदान दे रहा है।
इसके बाद पौड़ी की शैलजा सामाजिक समिति ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को गढ़वाली लोक संस्कृति से रूबरू कराया। समिति के दीपक कुमार, हेमंती सिंह, आराध्या रावत और अक्ष रावत सहित अन्य सदस्यों ने शानदार गढ़वाली गीतों एवं नृत्य की प्रस्तुति दी। पहाड़ की लोक धुनों और पारंपरिक सांस्कृतिक रंगों से सजी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। समिति की अध्यक्ष सुषमा रावत एवं समस्त सदस्यों के प्रयासों की सराहना की गई।
सांस्कृतिक संध्या का एक प्रमुख आकर्षण बॉलीवुड गायक एवं उत्तराखंड के बेटे संकल्प खेतवाल रहे। उन्होंने अपने साथियों के साथ गढ़वाली और हिंदी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। पहाड़ी संगीत से लेकर हिंदी गानों तक उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विविधता के रंग भरे। दर्शकों ने भी कलाकारों की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।
लोक संस्कृति से लेकर युवा कलाकारों तक को मिल रहा मंच : महापौर आरती भंडारी ने सभी अतिथियों, कलाकारों, सामाजिक संस्थाओं और कार्यक्रम में पहुंचे दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि श्रीनगर की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण उत्सव है। मेले के माध्यम से आध्यात्मिक संस्थाओं, स्थानीय प्रतिभाओं, लोक कलाकारों और प्रदेश के लोकप्रिय कलाकारों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका प्रयास है कि मेले में हर आयु वर्ग के लोगों को अपनी रुचि के अनुरूप कार्यक्रम देखने को मिलें और नई पीढ़ी अपनी लोक संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ सके।
30 नवंबर को प्रियंका मेहर की लाइव प्रस्तुति, अपने बैंड के साथ मचाएंगी धमाल : बैकुंठ चतुर्दशी मेले की आगामी सांस्कृतिक संध्या में 30 नवंबर को उत्तराखंड की लोकप्रिय लोक गायिका प्रियंका मेहर अपने बैंड के साथ आवास विकास मेला मैदान में प्रस्तुति देंगी। शाम 6:30 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। अपनी सुरीली आवाज, ऊर्जावान गायकी और शानदार मंचीय प्रस्तुतियों के लिए पहचान रखने वाली प्रियंका मेहर के गीतों पर दर्शकों को झूमने का मौका मिलेगा।
महापौर आरती भंडारी ने क्षेत्रवासियों, युवाओं और संगीत प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रियंका मेहर की लाइव प्रस्तुति का आनंद लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेले को जनभागीदारी, सांस्कृतिक विरासत और मनोरंजन का ऐसा मंच बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जहां श्रीनगर के साथ-साथ पूरे गढ़वाल क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिले।