मुरैना में किसान कांग्रेस ने फूंका भाजपा सांसद का पुतला, सार्वजनिक माफी की मांग
अन्नदाताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में हनुमान चौराहे पर प्रदर्शन, जिला अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह डंगस के नेतृत्व में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता
मुरैना। रीवा के भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों के प्रति की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बुधवार को मुरैना में किसान कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेशव्यापी आह्वान पर जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह डंगस के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद का पुतला दहन कर विरोध जताया और उनसे देश के किसानों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन की शुरुआत सदर बाजार स्थित शहर जिला कांग्रेस कार्यालय से हुई। यहां कांग्रेस और किसान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इसके बाद रैली के रूप में सभी हनुमान चौराहे पहुंचे, जहां भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद के बयान के खिलाफ नारेबाजी भी की।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह डंगस ने कहा कि अन्नदाता देश का गौरव हैं और उनका अपमान पूरे देश का अपमान है। किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और करोड़ों लोगों का पेट भरते हैं। ऐसे में उनके प्रति अपमानजनक टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। किसानों के मान-सम्मान और स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस किसानों की आवाज बनकर उनके सम्मान और अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी। प्रदर्शन के दौरान किसान कांग्रेस ने भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा से देश के किसानों के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
ये कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में मधुराज सिंह तोमर, गजेंद्र सिंधी, जितेन्द्र सिंह डंगस, अनिल गुर्जर, आसिफ कुरैशी, रामू टूडेलकर, रामस्वरूप कांमर, नरेश करखुर, प्रेमकुमार बंसल, सुभाष माहौर, दीपक सोलंकी, धर्मेंद्र गुर्जर, शिवसिंह खटीक, हमीद खान, रहिस खान, इरशाद खान, परशुराम माहौर, निरंजन रजक, दीपक माहौर, सौरभ माहौर, सतीश माहौर, मनोज माहौर, अफसर खान, लोकेन्द्र माहौर, बनवारी लाल खटीक, नितिन नारोलिया, राकेश खटीक, मनोज खटीक, सुन्दर लाल, विजय सिंह, मानवेंद्र डोनेरिया, बंगाली जाटव, मोहर सिंह और महेश खुराना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं किसान कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#morena #मुरैना #कांग्रेस