मऊ में बेखौफ बदमाशों का तांडव: सरसेना बाजार के पास युवक को सिर में मारी गोली, जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौ@त
मऊ। जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। सरसेना बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
बाजार से लौटते समय दो बाइकों से आए 5 बदमाशों ने घेरा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनउआडीह (काझा) निवासी अनीश (25) पुत्र सुरेश अपने साथी गोल्डी के साथ सरसेना बाजार से बाइक द्वारा घर लौट रहा था। जैसे ही वे काझा मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए करीब पांच अज्ञात बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। जब तक दोनों कुछ समझ पाते, बदमाशों ने तमंचे से तीन राउंड गोलियां चला दीं।