दो साल के प्रेम प्रसंग का थाने में सुखद अंत, प्रेमी ने मंदिर में प्रेमिका की मांग में भरा सिंदूर
मऊ। दो साल से चल रहे प्रेम प्रसंग का मंगलवार को हलधरपुर थाने में सुखद अंत हो गया। प्रेमी अपनी प्रेमिका और करीब छह माह के बेटे के साथ थाने पहुंचा था। दोनों पक्षों के परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में घंटों चली पंचायत के बाद प्रेमी ने थाना परिसर स्थित मंदिर में प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मऊ जिले के बगली पिंजरा गांव निवासी मंजू और हलधरपुर थाना क्षेत्र के अरदौना गांव निवासी हिमांशु के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। समय के साथ दोनों का रिश्ता गहरा होता गया और वे परिवार की सहमति के बिना साथ रहने लगे। इसी दौरान मंजू ने करीब छह माह पहले एक बेटे को जन्म दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों के घर से चले जाने के बाद उनके परिजन परेशान थे। करीब एक सप्ताह पहले हिमांशु मंजू और बच्चे को लेकर अपने गांव लौटा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई और मामला हलधरपुर थाने पहुंच गया।
मंगलवार को दोनों पक्षों के परिजन, रिश्तेदार और गांव के संभ्रांत लोग थाने पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में करीब दो घंटे से अधिक समय तक बातचीत और पंचायत चली। काफी समझाने-बुझाने के बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई।
इसके बाद थाना परिसर स्थित मंदिर में हिमांशु ने मंजू की मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया। इस दौरान उनका करीब छह माह का बेटा भी मौजूद था। प्रेमी के इस फैसले के बाद दोनों परिवारों ने राहत की सांस ली।