हलधरपुर में प्रेम प्रसंग का मामला सुलझा, थाने के मंदिर में प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में भरा सिंदूर
मऊ के हलधरपुर थाने में मंगलवार को करीब दो साल पुराने प्रेम प्रसंग का मामला पंचायत के बाद सुलझ गया। प्रेमी-प्रेमिका अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे थे। यहां दो घंटे से ज्यादा चली बातचीत के बाद प्रेमी ने थाना परिसर स्थित मंदिर में प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, बगली पिंजरा गांव की मंजू और अरदौना गांव के हिमांशु के बीच करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ समय पहले हिमांशु मंजू को लेकर घर से चला गया था। इसी दौरान मंजू ने करीब छह महीने पहले एक बेटे को जन्म दिया।
दोनों के घर से चले जाने के बाद परिजन परेशान थे। करीब एक सप्ताह पहले हिमांशु, मंजू और बच्चे के साथ गांव लौटा, जिसके बाद मामला विवाद में बदल गया। मंगलवार को दोनों पक्षों के लोग हलधरपुर थाने पहुंचे।
थाना परिसर में परिजनों और गांव के बुजुर्गों की मौजूदगी में दो घंटे से अधिक समय तक पंचायत चली। बातचीत के बाद हिमांशु ने मंदिर में मंजू की मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत हो गया और परिजनों ने राहत की सांस ली।
इस दौरान माधुरी देवी, लालसा, श्रीकांत, सुनीता, मीरा, रविंद्र, शिवमंगल, लालजी, सुरेंद्र समेत दो दर्जन से अधिक लोग मौजूद रहे।
#हलधरपुर #मऊ #MauNews #LoveStory #UPNews