सेवा सेतु शिविर में मंत्री ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
लखीसराय। जिले के सभी प्रखंडों में मंगलवार को “सेवा सेतु शिविर—आपकी सरकार, आपके द्वार” का आयोजन किया गया। इस दौरान कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रामगढ़ चौक, बड़हिया एवं हलसी प्रखंड में आयोजित शिविरों का भ्रमण कर विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया।
रामगढ़ चौक के प्रखंड संसाधन केंद्र परिसर में आयोजित शिविर का उद्घाटन मंत्री ने किया। उन्होंने आमजनों से संवाद कर सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
बड़हिया प्रखंड परिसर में आयोजित शिविर में मंत्री ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। शिविर में योजनाओं से वंचित लोगों से आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त की गईं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान किया जाए, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
इस अवसर पर डीआरडीए निदेशक सह नोडल पदाधिकारी, संबंधित बीडीओ, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व कर्मी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, बीस सूत्री के प्रखंड अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।