कोशी स्नातक निर्वाचन के लिए माइक्रो ऑब्जर्वरों का प्रथम प्रशिक्षण
लखीसराय। बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन- को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में माइक्रो ऑब्जर्वरों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की। इसमें 15 माइक्रो ऑब्जर्वरों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान डीएम ने माइक्रो ऑब्जर्वरों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, उनके दायित्वों एवं मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने सभी को निष्पक्षता, सजगता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने तथा मतदान केंद्र की प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि पर नजर रखने का निर्देश दिया।
बताया गया कि स्नातक निर्वाचन में मतदान मतपत्र और मतपेटी के माध्यम से होगा। मतदाता को अभ्यर्थियों के नाम के सामने निशान लगाने के बजाय अपनी पसंद के अभ्यर्थियों को अधिमान्य क्रमांक देना होगा। मतदान के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष बैंगनी स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जाएगा। माइक्रो ऑब्जर्वरों को मतदान की गोपनीयता बनाए रखने और किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल संबंधित पदाधिकारी को देने का निर्देश दिया गया।
जिले के प्रत्येक प्रखंड मुख्यालय में निर्धारित मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। माइक्रो ऑब्जर्वरों का दूसरा प्रशिक्षण 13 अक्टूबर और तीसरा प्रशिक्षण 22 अक्टूबर को मंत्रणा कक्ष में आयोजित होगा।
मौके पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, डीएसपी मुख्यालय विश्वजीत प्रसाद सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।