युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस में भगदड़, भूकंप एवं अग्नि सुरक्षा की दी जानकारी
--
जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का द्वितीय दिवस आज तेज होटल में आयोजित किया गया। 182 प्रतिभागियों के इस बैच में कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा चयनित जलीय संरचनाओं के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले प्रतिभागियों को विशेष रूप से शामिल किया गया है, ताकि आपदा की स्थिति में स्थानीय स्तर पर प्रभावी ढंग से बचाव एवं राहत कार्य किए जा सकें।
प्रशिक्षण के दौरान प्लाटून कमांडर श्री अमित दुबे ने प्रतिभागियों को भगदड़ की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी। इसके साथ ही भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा भूकंप के उपरांत बचाव कार्यों के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने अग्नि सुरक्षा एवं फायर एक्सटिंग्विशर के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी।
लंच के पश्चात जिला सेनानी श्री बीपी नामदेव द्वारा आपदा मित्रों को रोप रेस्क्यू का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने रस्सी के माध्यम से किए जाने वाले बचाव कार्यों की जानकारी देते हुए विभिन्न प्रकार की गांठों एवं हिच के संबंध में प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों से विभिन्न गांठों एवं रोप रेस्क्यू तकनीकों का प्रायोगिक अभ्यास भी कराया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य युवा आपदा मित्रों को विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान त्वरित बचाव कार्य करने के लिए आवश्यक व्यवहारिक एवं तकनीकी दक्षता प्रदान करना है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे जिला प्रशासन एवं संबंधित बचाव दलों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी रूप से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग कर सकें।
Home Department of Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh