सेफ क्लिक 2.0: पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को पढ़ाया साइबर सुरक्षा का पाठ
डिजिटल अरेस्ट, UPI फ्रॉड, OTP ठगी और सोशल मीडिया हैकिंग से बचाव की दी जानकारी, 1930 हेल्पलाइन के उपयोग पर दिया जोर
मध्यप्रदेश पुलिस के सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक आशीष खरे (आईपीएस) ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रयपुरा में छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड, ओटीपी धोखाधड़ी, फिशिंग, विशिंग, निवेश के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी जॉब ऑफर, केवाईसी अपडेट, बिजली बिल और पार्सल स्कैम जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पिन, सीवीवी या पासवर्ड साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो वह बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में एसडीओपी बजाग विवेक गौतम ने भी विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने छात्रों से स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार तथा समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सहभागितापूर्ण बनाने के लिए विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनका उन्होंने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों की सराहना की गई। समापन अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं एवं उपस्थितजनों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर थाना प्रभारी कोतवाली दुर्गा प्रसाद नगपुरे, उपनिरीक्षक बी.एल. वरकड़े, विद्यालय प्राचार्य आलोक जैन, साइबर सेल के मुकेश प्रधान, शिक्षकगण एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला पुलिस ने बताया कि सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत जिलेभर के स्कूलों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
#SafeClick20 #CyberSecurity #CyberAwareness #DindoriPolice #Dindori #MadhyaPradesh #CyberCrime #DigitalSafety #OnlineFraud #CyberFraud #StayAlert #1930Helpline #SafeInternet #StudentAwareness #MPPolice #BreakingNews #NationalNews #ViralNews #DigitalIndia #HALCHAL24NEWS