पेट्रोल पंप से डंपर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
मलारना डूंगर। पेट्रोल पंप मलारना स्टेशन से डंपर चोरी के मामले में मलारना डूंगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर भरतपुर जेल से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 13 व 14 जुलाई 2026 की रात पेट्रोल पंप मलारना स्टेशन से डंपर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। मामले में थाना मलारना डूंगर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक जेष्ठा मैत्रेयी IPS के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश राजोरा एवं पुलिस उपाधीक्षक राजेंद्र मीणा RPS के सुपरविजन में वांछित आरोपियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी मांगेलाल पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रोडक्शन वारंट पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिफ पुत्र महबूब, निवासी अजीजपुर, थाना तातारपुर, जिला खैरथल-तिजारा तथा मंजे पुत्र बाबूलाल माली, निवासी प्रतापसिंहपुरा, थाना नीमराना, जिला कोटपूतली-बहरोड़ के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में थानाधिकारी मांगेलाल पुलिस निरीक्षक, जयसिंह सहायक उप निरीक्षक, शारूफ कांस्टेबल 1450 तथा सोहन कांस्टेबल 1376 शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपियों से चोरी की वारदात को लेकर पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण में आगे की कार्रवाई जारी है।