*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
दिनांक: 25 अगस्त 2026
*एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत मधेपुरा में “एनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान” का शुभारंभ*
*25 अगस्त से 30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान; एनीमिया की रोकथाम, जांच एवं उपचार पर रहेगा विशेष जोर*
*मधेपुरा, 25 अगस्त 2026।*
कार्यपालक निदेशक, राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में आज दिनांक 25 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी, मधेपुरा की अध्यक्षता में सदर अस्पताल, मधेपुरा परिसर में एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत “एनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान” का शुभारंभ किया गया। यह विशेष अभियान 25 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक जिले में संचालित किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य जिले में एनीमिया की समस्या की प्रभावी पहचान, समय पर जांच, उपचार एवं रोकथाम सुनिश्चित करते हुए विशेष रूप से बच्चों, किशोर-किशोरियों, महिलाओं तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना है।
*एनीमिया की पहचान एवं उपचार पर विशेष फोकस*
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा एनीमिया के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लक्षित लाभार्थियों की जांच, एनीमिया की पहचान, आवश्यक उपचार एवं आयरन-फोलिक एसिड अनुपूरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वास्थ्य संस्थानों एवं संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अभियान को प्रभावी एवं परिणामपरक बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समन्वित एवं संवेदनशील तरीके से कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एनीमिया केवल स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या नहीं, बल्कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, किशोर-किशोरियों की कार्यक्षमता तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से भी प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा विषय है। अतः इसकी समय पर पहचान एवं समुचित उपचार अत्यंत आवश्यक है।
*जनभागीदारी से बनेगा अभियान प्रभावी*
अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया गया। लोगों से अपील की गई कि वे एनीमिया के लक्षणों के प्रति सजग रहें तथा आवश्यकता होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श अवश्य प्राप्त करें। संतुलित एवं पौष्टिक आहार, आयरन युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुरूप आयरन-फोलिक एसिड की खुराक का नियमित सेवन एनीमिया की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में डॉ. विपिन गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, मधेपुरा; डॉ. सचिन कुमार, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, मधेपुरा; डॉ. फूल कुमार, प्रभारी जिला संचारी रोग पदाधिकारी, मधेपुरा; श्री प्रिंस, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला स्वास्थ्य समिति, मधेपुरा; कुमार नवनीत चन्द्रा, अस्पताल प्रबंधक, सदर अस्पताल, मधेपुरा सहित सदर अस्पताल के अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष अभियान की अवधि में निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए एनीमिया की रोकथाम एवं नियंत्रण की दिशा में मधेपुरा को स्वस्थ, सशक्त एवं एनीमिया मुक्त बनाने की दिशा में समन्वित प्रयास किया जाएगा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar