*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय
दिनांक : 25 अगस्त 2026
*विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल*
*जिले के 42 शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित हुआ ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’; शिकायतों का 30 दिनों में होगा अंतिम निस्तारण*
मधेपुरा, 25 अगस्त 2026।
बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान तथा शिक्षा व्यवस्था में निरंतर सुधार के उद्देश्य से आज से ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन प्रारंभ किया गया। विद्यार्थियों को शिक्षा व्यवस्था के प्रथम लाभार्थी मानते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार हेतु उनके महत्वपूर्ण सुझाव भी प्राप्त किए जा रहे हैं।
*हर माह के चतुर्थ मंगलवार को आयोजित होगा विद्यार्थी सहयोग शिविर*
प्राप्त निर्देश के अनुसार मधेपुरा जिले में प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में आज जिले के विभिन्न प्रखंडों के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों सहित कुल 42 संस्थानों में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के सफल संचालन एवं विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को संबंधित संस्थानों में प्रतिनियुक्त किया गया है।
‘ *विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ पर दर्ज कर सकते हैं शिकायत एवं सुझाव*
विद्यार्थियों की शिकायतों एवं सुझावों को व्यवस्थित रूप से प्राप्त करने के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का लोकार्पण किया जा चुका है। विद्यार्थी इस पोर्टल के माध्यम से अपनी शैक्षणिक समस्याओं की शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार से संबंधित अपने सुझाव भी दे सकते हैं।
विद्यार्थियों द्वारा दर्ज की जाने वाली शिकायतों में समय पर कक्षाओं का संचालन नहीं होना, शिक्षकों/प्राध्यापकों का समय पर कक्षा में उपस्थित नहीं होना अथवा अनुपस्थित रहना, समय पर परीक्षा का आयोजन नहीं होना, परीक्षा परिणाम का समय पर प्रकाशन नहीं होना, अनधिकृत शुल्क की वसूली, कक्षा में बिजली एवं बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला की सुविधा, पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई की समस्या, कोचिंग से संबंधित समस्याएं तथा विधि-व्यवस्था से जुड़ी अन्य शिकायतें शामिल हो सकती हैं।
प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का संबंधित विभाग के जिला स्तरीय पदाधिकारी द्वारा समेकन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
*30 दिनों के भीतर होगा शिकायतों का अंतिम निस्तारण*
विद्यार्थी सहयोग शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्रावधानों के अनुसार अधिकतम 30 दिनों के भीतर अंतिम रूप से निस्तारण किया जाएगा। यदि विद्यार्थी पोर्टल के माध्यम से निस्तारित की गई शिकायत के समाधान से क्षुब्ध अथवा असंतुष्ट हैं, तो संबंधित शिकायत की सुनवाई माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के स्तर पर प्रत्येक माह के द्वितीय मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय विद्यार्थी सहयोग शिविर में की जाएगी।
*बी.पी. मंडल अभियंत्रण महाविद्यालय में डीएम एवं एसपी ने विद्यार्थियों से किया संवाद*
इसी क्रम में विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत बी.पी. मंडल अभियंत्रण महाविद्यालय, मधेपुरा में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन एवं आरक्षी अधीक्षक, मधेपुरा श्री संदीप सिंह ने संयुक्त रूप से भाग लिया तथा उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक समस्याओं, आवश्यकताओं, सुझावों एवं मांगों को सकारात्मक एवं स्पष्ट रूप से सामने रखें, ताकि संबंधित विश्वविद्यालय एवं शैक्षणिक प्रशासन द्वारा उनका ससमय समाधान किया जा सके और शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने विद्यार्थियों से सक्रिय रूप से विद्यार्थी सहयोग शिविर एवं पोर्टल का उपयोग करने की अपील की।
*एसपी ने विद्यार्थियों को नशे एवं साइबर अपराध से दूर रहने का दिया संदेश*
आरक्षी अधीक्षक श्री संदीप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें जागरूक एवं सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी नशे से पूरी तरह दूर रहें, साइबर अपराध के प्रति सजग रहें तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में होने वाले आपराधिक गतिविधियों के प्रति भी जागरूक रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी संबंधित प्राधिकार को देने की अपील की, ताकि कानून के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि जागरूक एवं जिम्मेदार विद्यार्थी ही सुरक्षित, स्वस्थ और विकसित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
*विद्यार्थियों की भागीदारी से मजबूत होगी शिक्षा व्यवस्था*
‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ को विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार, जवाबदेही एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। विद्यार्थियों के सुझावों एवं अनुभवों को प्राथमिकता देकर शैक्षणिक संस्थानों की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar