5वें कौशल दीक्षांत समारोह–2026 : मध्यप्रदेश के 10 प्रशिक्षणार्थियों ने अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर बढ़ाया प्रदेश का गौरव
कौशल दीक्षांत समारोह–2026 का आयोजन शनिवार को शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), भोपाल में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, मध्यप्रदेश शासन, डॉ. गौतम टेटवाल, माननीय सांसद, लोकसभा क्षेत्र भोपाल, श्री आलोक शर्मा तथा माननीय सांसद, लोकसभा क्षेत्र खजुराहो, श्री वी.डी. शर्मा अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर कौशल विकास संचालनालय के संचालक श्री बसंत कुर्रे (IAS) भी उपस्थित रहे।
यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह का हिस्सा रहा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी लखनऊ से आयोजित राष्ट्रीय समारोह में वर्चुअल माध्यम से जुड़े। देश भर के शासकीय आईटीआई संस्थानों में इस समारोह का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें मध्यप्रदेश के चयनित 10 शासकीय आईटीआई एवं एक NSTI भी सम्मिलित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि देशभर के शासकीय आईटीआई में एक साथ इस समारोह का आयोजन कौशल विकास के राष्ट्रीय महत्व को दर्शाता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा स्वयं इस राष्ट्रीय आयोजन का नेतृत्व किया जाना इस बात का प्रमाण है कि आज के दौर में कौशल ही युवाओं की सबसे बड़ी शक्ति और राष्ट्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने युवाओं को कौशल, नवाचार और तकनीकी दक्षता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा (AITT), जुलाई 2026 में मध्यप्रदेश के 10 आईटीआई प्रशिक्षणार्थियों ने विभिन्न व्यवसायों में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश को गौरवान्वित किया।
राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि यह रही कि COPA (Computer Operator and Programming Assistant) व्यवसाय की प्रशिक्षणार्थी श्री सूरज साहू, जो श्रवण बाधित हैं, को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा राष्ट्रीय टॉपर के रूप में सम्मानित किया जा रहा है। उनकी यह उपलब्धि दिव्यांगजनों की प्रतिभा, क्षमता और कौशल की शक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है।
प्रदेश में सत्र 2026 के दौरान शासकीय आईटीआई में अब तक का सर्वाधिक 97.57 प्रतिशत प्रवेश दर्ज किया गया है। प्रवेश क्षमता में 3,872 सीटों की वृद्धि के साथ सोलर टेक्नीशियन, इलेक्ट्रिक व्हीकल एवं ड्रोन टेक्नीशियन जैसे भविष्य की आवश्यकताओं से जुड़े नवीन पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईटीआई में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का प्रतिशत 30 से बढ़ाकर 35 प्रतिशत किया गया है तथा प्रशिक्षण शुल्क में 25 प्रतिशत की कमी की गई है। इसके परिणामस्वरूप इस सत्र में 13,801 महिलाओं ने प्रवेश प्राप्त किया है।
समारोह में अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि आईटीआई संस्थान युवाओं को केवल रोजगार के लिए तैयार करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, उद्यमशील एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मध्यप्रदेश शासन का लक्ष्य उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण प्रदान करना, उद्योगों के साथ समन्वय को मजबूत करना तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है। इसी दिशा में प्रदेश कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Skill Development MP Directorate of Technical Education, Madhya Pradesh