#बालाघाट
आरोह 2026 ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन, 1970 खिलाड़ियों ने लिया भाग
मध्य प्रदेश शासन के जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, बालाघाट तथा जिले के समस्त खेल संघों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित "आरोह 2026 ग्रीष्मकालीन शिविर" का सफलतापूर्वक समापन हुआ। जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा के नेतृत्व में जिले के सभी 10 विकासखंडों एवं जिला मुख्यालय में संचालित विभिन्न खेलों के शिविरों में लगभग 1970 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिविर समाप्त होने के बाद भी नियमित अभ्यास जारी रखना चाहिए तथा खेलों से निरंतर जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने बच्चों को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि यदि मोबाइल का उपयोग किया जाए तो वह अभिभावकों की निगरानी में और केवल शिक्षा व ज्ञानवर्धक उद्देश्यों के लिए होना चाहिए। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि मोबाइल के बढ़ते उपयोग के कारण ग्रामीण एवं पारंपरिक खेल धीरे-धीरे विलुप्त होते जा रहे हैं। ऐसे में शासन द्वारा आयोजित खेल शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए एक सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम में बताया गया कि आरोह 2026 समर कैंप नए स्वरूप में बच्चों और खिलाड़ियों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं सामाजिक विकास के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस प्रकार के शिविर खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं आमजन में सकारात्मक सोच और सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण को बढ़ावा देते हैं।
स्वागत भाषण के दौरान शिविर में किए गए नवाचारों तथा आरोह अभियान के विभिन्न घटकों की जानकारी दी गई। विभाग एवं खेल संघों के प्रशिक्षकों, युवा समन्वयकों और कोचों द्वारा खिलाड़ियों को इन गतिविधियों के उद्देश्यों से परिचित कराया गया। जिला खेल अधिकारी ने शिविर की उपलब्धियों एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
समारोह में नेहरू स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी, पूर्व पार्षदगण, जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष नरेश धुवारे, जिला हॉकी संघ के सचिव विजय वर्मा, जिला कबड्डी संघ के सचिव रमेश दीक्षित, जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव आर. हम्पी, खेल प्रशिक्षक, खेलो इंडिया एथलेटिक्स कोच, सभी विकासखंडों के युवा समन्वयक, ग्रामीण युवा केंद्र के प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा सभी कोचों एवं युवा समन्वयकों को टी-शर्ट, लोअर एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में अहिल्या कन्हार फिजिकल क्लब के सचिव शैलेंद्र यादव ने आभार व्यक्त किया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #MP_DSYW