मुरैना: नर्सिंग होम में उपचार के दौरान 27 वर्षीय मरीज की मौत
मुरैना के बांदिल नर्सिंग होम में उपचार के दौरान 27 वर्षीय राहुल जाटव की मौत हो गई। राहुल शटरिंग का काम करते थे और चार दिन पहले काम के दौरान छत से गिरने से जांघ की हड्डी टूटने पर अस्पताल में भर्ती हुए थे। सोमवार को ऑपरेशन के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि राहुल रातभर दर्द से तड़पते रहे, लेकिन डॉक्टर देखने नहीं आए। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे उनकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों के अनुसार राहुल परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। उनके पिता का दो माह पहले निधन हो चुका है और मां रीढ़ की हड्डी की बीमारी से पीड़ित हैं। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।