चार करोड़ 67 लाख रुपये से शहर की चार सड़कों का होगा निर्माण, मंत्री सुरेश खन्ना ने किया शिलान्यास
शाहजहांपुर। शहर की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने राज्य सेक्टर के अंतर्गत 4.67 करोड़ रुपये की लागत से चार सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों में छाया कुआं से हनुमत धाम तक हॉट मिक्स सड़क का सुदृढ़ीकरण, ख्वाजा फिरोज क्षेत्र में सड़क और नाली निर्माण शामिल है। वहीं रोजा की चर्च कॉलोनी और आदर्श नगर में सीसी सड़क एवं नाला-नाली निर्माण कराया जाएगा। नगर निगम के अनुसार, इन कार्यों पर कुल 467.26 लाख रुपये खर्च होंगे। शिलान्यास कार्यक्रम में महापौर अर्चना वर्मा, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, पार्षदगण और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। कार्य पूरे होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जल निकासी व्यवस्था भी बेहतर होगी।
Suresh Kumar Khanna
Archna Verma