👉#शिविर का उद्देश्य लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराना : जिला जज
--#अटल आडिटोरियम में विधिक सेवा साक्षारता शिविर में उमड़ी लाभार्थियों की भीड़
शाहजहांपुर।राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मेगा,वृहद विधिक साक्षरता एवं जागरूता सेवा शिविर कार्यक्रम अटल बिहारी बाजपेई ऑडिटोरियम में किया गया। उद्घाटन जिला जज एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने किया। जिला जज ने शिविर में लाभाथियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि शिविर का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी एवं विधिक सहायता की जानकारी तथा उन्हें सहायता उपलब्ध कराना है। विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रयास है कि आर्थिक एवं सामाजिक कठिनाइयों के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति न्याय एवं विधिक सहायता से वंचित न रहे।शिविर में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय नरेन्द्र कुमार तृतीय ने सभागार में लाभार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। एडीएम अरविन्द कुमार ने लाभार्थियों को कई महत्वपूर्ण योजनाओं से अवगत कराया।एसपी सिटी देवेन्द्र कुमार ने लाभार्थियों को कानून के विषय पर जानकारी प्रदान कर मिशन शक्ति अभियान एवं ट्रैफिक के मूल नियमों पर जानकारी दी। आईटीआई प्रधानाचार्य अरविन्द कुमार ने युवाओं को कौशल विकास और आईटीआई से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह युवा हुनर सीखकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं और रोजगार के नए अवसरों से जुड़ सकते हैं। चिकित्सा विभाग से डा. करन सिंह ने आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाले मुफ्त इलाज और दिव्यांग लाभार्थियों के लिए संचालित सरकारी सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। पात्र लोगों से आयुष्मान कार्ड बनवाने और दिव्यांगजन कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की। लेबर ऑफिसर राजेश सिंह ने श्रमिकों और कामगारों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। यूपी नेडा से प्रताप नारायण ने सोलर पैनल व सब्सिडी के बारे में जानकारी दी। सेन्ट्रल संघ अध्यक्ष सरनाम सिंह यादव ने मेगार शिविर कार्यक्रम के आयोजन की प्रशंसा की। बैंक ऑफ बड़ौदा के लाभार्थियों को चेक वितरण किया गया तथा जिला नगरीय विकास अभिकरण डूडा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, डाक विभाग, महिला सशक्तिकरण विभाग तथा अन्य विभागों की तरफ से जिला जज द्वारा योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किए गये।जिला जज ने न्यायिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा स्टालों का निरीक्षण किया। मेगा शिविर में लगभग 38 विभागों द्वारा प्रतिभाग किया गया। विधिक साक्षरता एवं जागरूता सेवा शिविर कार्यक्रम के उपरान्त नोडल अधिकारी शिव कुमार तृतीय ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अपेक्षा सिंह ने किया। शिविर में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम सुरेश कुमार शर्मा, न्यायिक अधिकारी, लाभार्थी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।